नालंदा के हिलसा थाना क्षेत्र के बड़की घोसी गांव के एक घर में आग लग गई। इस दौरान एक सात माह की नवजात बच्ची मंगली कुमारी और उसे बचाने में भाई नीरज पांडेय (08) गंभीर रूप से झुलस गए। आग, डोमन पांडेय के घर में लगी जब उनकी पत्नी चूल्हे पर खाना बना रही थी।

परिजनों ने बताया कि डोमन पांडेय की पत्नी सुबह घर में खाना बना रही थीं। उन्होंने अपनी 7 महीने की बच्ची मंगली कुमारी को चूल्हे के पास ही सुला दिया था। इसी दौरान वह किसी काम से वहां से बाहर चली आईं। चूल्हे से निकली एक चिंगारी पास में रखे चना-मसूर के बोझा तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर में फैल गई। इस दौरान नीरज पांडेय ने अपनी जान की परवाह किए बिना घर में प्रवेश किया और अपनी छोटी बहन को बाहर निकाला। इस दौरान वह बुरी तरह झुलस गया।

भाई ने जान पर खेल कर बहन की जान बचाई।
बेहतर इलाज के लिए PMCH रेफर

स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मदद के लिए आगे आकर दोनों घायल बच्चों को हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए PMCH रेफर कर दिया है।घटना की सूचना मिलते ही मुख्य पार्षद धनंजय कुमार अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने तत्काल इलाज के लिए आर्थिक मदद भी प्रदान की।

इस अग्निकांड में डोमन पांडेय के परिवार का सारा सामान जलकर राख हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि डोमन पांडेय एक अत्यंत गरीब परिवार से है। 2 साल पहले भी सांप के काटने से इस परिवार के दो बच्चों की मौत हो गई थी।