कटिहार के अमदाबाद ब्लॉक के दक्षिणी करीमुल्लापुर पंचायत स्थित मेघु टोला गांव में बड़ी आगजनी की घटना हुई है। सोमवार सुबह वार्ड नंबर 12 में चूल्हे की राख से अचानक आग लग गई। आग देखते ही देखते फैलती गई और कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया।

दमकल में बुझाई आग, 60 घर जलकर राख

स्थानीय ग्रामीणों ने आगजनी की सूचना फौरन पुलिस और दमकल विभाग को दी। इस दौरान ग्रामीण अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश करते रहे। वहीं, दूसरी ओर खराब सड़क की वजह से फायर ब्रिगेड की गाड़ी गांव तक समय पर नहीं पहुंच सकी।

गांव पहुंचते ही दमकल विभाग की टीम ने गांववालों की मदद से आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक बहुत नुकसान हो चुका था। गांव के करीब 60 घर जलकर राख हो गए थे।

 

प्रभावित परिवारों ने आग लगते ही घरों से सामानों को निकालने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के चलते कुछ भी सामान नहीं बचा पाए। अब परिवारों के पास सिर्फ तन पर पहने कपड़े ही बचे हैं। उनकी लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई है। अब पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।

अहमदाबाद अंचल पदाधिकारी स्नेहा कुमारी ने घटनास्थल का दौरा किया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवारों की सूची तैयार की जा रही है। सरकार की ओर से जल्द ही हर संभव मदद दी जाएगी।