दुर्घटना में ऑटो चालक की मौत

दस्तक 7 मीडिया मनीगाछी संवाददाता दरभंगा /

सकरी पंडौल सड़क के बीच भारत पेट्रोल पंप के निकट दुर्घटना में ऑटो चालक की मौत हो गई। ऑटो चालक स्थानीय थाना क्षेत्र के गोढ़ियारी गांव निवासी सुरेंद्र झा के पुत्र अप्पू कुमार झा उम्र 36 वर्ष बताए जाते हैं। मृतक ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार को एक भाड़ा पहुंचाकर वे मधुबनी से वापस घर लौट रहे थे।इसी बीच किसी अज्ञात गाड़ी की चपेट में आकर दुर्घटना ग्रस्त हो गए।इस दुर्घटना में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सकरी थाना की पुलिस ने उन्हें सकरी स्थित राम शिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। सूचना पाकर वहां पहुंचे मृतक के परिजनों की सहमति से लाश को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया गया है।

परिवार में मचा कोहराम

घर से एक सवार लेकर मधुबनी निकले ऑटो चालक अप्पू की दुर्घटना में हुई मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के बूढ़े पिता एवं बूढ़ी माता इस अनहोनी से जहां बदहवास बने हुए हैं वहीं पत्नी बेसुध बनी हुई है। मृतक को एक नौ वर्ष का पुत्र एवं 6 वर्ष की पुत्री है।महज एक सप्ताह पूर्व उन्होंने धूमधाम से अपने पुत्र का उपनयन संस्कार कराया था।