किशनगंज में शीतलाष्टमी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने माता शीतला का पूजन किया। अस्पताल रोड स्थित माता के मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखी गई। सनातन धर्म में माता शीतला को आरोग्य की देवी माना जाता है। इस दिन माता को ठंडे पकवानों का भोग लगाया जाता है। श्रद्धालु भी ठंडा भोजन करते हैं। विशेष पकवान एक दिन पहले ही तैयार किए जाते हैं।

शीतलाष्टमी का त्योहार होली के आठवें दिन मनाया जाता है। इसे बसौड़ा के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व उत्तर भारत के राजस्थान, यूपी और गुजरात में विशेष रूप से मनाया जाता है। इस दिन मीठे चावल का भोग लगाया जाता हैं ।

बच्चों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है यह व्रत

मान्यता है कि शीतला माता की पूजा से चेचक, बुखार और आंखों की बीमारियों से मुक्ति मिलती है। खासकर बच्चों के स्वास्थ्य के लिए यह व्रत महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दिन घर में चूल्हा नहीं जलाया जाता। लाखों लोग आज भी इस परंपरा का श्रद्धा से पालन करते हैं। श्रद्धालुओं ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने अपने परिवार के स्वास्थ्य की रक्षा और सुख-समृद्धि की कामना की।