शिक्षा के मंदिर में गुरु-शिष्य का रिश्ता तार-तार, ग्रामीणों ने शिक्षक को पीटकर पुलिस को सौंपा;

पुलिस ने बताया कि शिक्षक को हिरासत में रखा गया है। लेकिन अभी तक किसी के द्वारा लिखित शिकायत दर्ज नहीं करवायी गई है। छेड़खानी के मामले को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने भी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर मामले से अवगत करा दिया।

जांच में जुटी पुलिस

भागलपुर जिला के गोराडीह थाना क्षेत्र स्थित आदर्श मध्य विद्यालय गंगा करहरिया में पढ़ने वाली आठवीं कक्षा की छात्रा के साथ एक शिक्षक द्वारा छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। इस घटना ने शिक्षा के मंदिर में एक गुरु शिष्य की मर्यादा को तार-तार कर दिया है। छेड़खानी के आरोप में ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस को बुलाकर उसे सौंप दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि बीपीएससी से आए शिक्षक ने एक नाबालिग छात्रा से बाथरूम में छेड़खानी की। इसकी जानकारी मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ विद्यालय पहुंच गई और हंगामा करते हुए उक्त शिक्षक को पकड़कर गांव ले आए। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई।

 

घटना की सूचना मिलने पर गोराडीह पुलिस मौके पर पहुंची। फिर आरोपी शिक्षक को ग्रामीणों से छुड़ाकर थाने ले गई। इस दौरान ग्रामीण शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। वहीं, छात्रा को उसके परिजन अपने घर ले गाए। हालांकि इस मामले को लेकर लड़की के घरवाले कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। साथ ही घटना को लेकर थाने में भी प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है।

वहीं, मारपीट के दौरान उक्त शिक्षक लोगों से उस लड़की को पसंद करने और शादी करने की बात कह रहा था। आरोपी शिक्षक तरूण कुमार ताती ने बताया कि मैं लड़की को पसंद करता हूं और उससे शादी करना चाहता हूं।

इधर, गोराडीह थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि शिक्षक को हिरासत में रखा गया है। लेकिन अभी तक किसी के द्वारा लिखित शिकायत दर्ज नहीं करवायी गई है। छेड़खानी के मामले को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने भी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर मामले से अवगत करा दिया। उसमें कहा गया कि आरोपी शिक्षक द्वारा दिया गया एक मोबाइल फोन भी छात्रा के बैग से मिला है। मोबाइल देने की बात उसके परिजनों द्वारा भी स्वीकार की गई। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी औजेश्वर पांडे ने बताया कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा लिखित जानकारी दी गई। उसके बाद आरोपी शिक्षक पर निलंबन की कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखा गया है।

भागलपुर के विधि व्यवस्था डीएसपी चंद्रभूषण ने बताया कि लड़की और उसके परिजनों से पुलिस को अब तक कोई आवेदन नहीं मिला है। शिकायत मिलने पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।