किशनगंज पुलिस ने गाड़ी किया बरामद, फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम जांच में जुटी
किशनगंज के बहादुरगंज थाना क्षेत्र से 25 जनवरी को लापता हुए ट्रैक्टर चालक टिंकू कुमार की हत्या का मामला सामने आया है। दस दिन बाद बीबीगंज थाना क्षेत्र के नया टोला गांव में कनकई नदी के किनारे बालू में दबा उनका शव बरामद हुआ। मृतक के 13 वर्षीय बेटे मनोहर ने शव की पहचान की।
एसपी सागर कुमार और एसडीपीओ गौतम कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। फोरेंसिक टीम और 12वीं बटालियन एसएसबी की डॉग स्क्वायड टीम को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस ने लापता ट्रैक्टर को बरामद कर लिया है।
डॉग स्क्वायड टीम जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, समेश्वर पंचायत के चरघड़िया गांव निवासी टिंकू कुमार ट्रैक्टर समेत लापता हो गए थे। ट्रैक्टर मालिक अजेंद्र कुमार ने बहादुरगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शव मिलने के बाद बीबीगंज थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। एसपी सागर कुमार ने बताया कि पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।
