बिहार में बेखौफ बदमाशों ने खगड़िया में महज मोबाइल लूटने के लिये गोली मार दी. वारदात के बाद मौके से फरार हो गये.
खगड़िया में युवक की हत्या
खगड़िया: बिहार में अपराधियों का तांडव लगातार जारी है. राज्य के अंदर आए दिन लोगों की जान जा रही है. ताजा मामला खगड़िया के अलौली थाना क्षेत्र के कोकराहा रेलवे ढाला के पास का है. जहां एक युवक को मोबाइल छिनतई का विरोध करना भारी पड़ गया. अपराधियों ने उसकी बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई.खगड़िया में युवक की हत्या:दरअसल, युवक कोकराहा रेलवे ढाले के पास मेला देखकर लौट रहा था. घात लगाए बदमाशों ने युवक से मोबाइल छीनने की कोशिश की. युवक ने जब उसका विरोध किया तो अपराधियों ने फायरिंग कर दी जिसमें युवक घायल हो गया. घटना के बाद अपराधी वहां से फरार हो गए. जिसके बाद स्थानीय लोगों ने अलौली थाना को सूचना दी और जख्मी हालत में पड़े युवक को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया. जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
खगड़िया में मृतक के परेशान परिजन
परिजनों में मचा कोहराम:युवक की पहचान मिथिलेश कुमार के रूप में की गई है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मिथिलेश की मौत के बाद उनके परिजन और स्थानीय लोग पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है.
”एक युवक की हत्या हुई है. मामले में स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर अपराधियों की धर-पकड़ को लेकर छापेमारी की जा रही है. हर पहलू की तफ्तीश की जा रही है.”- समरेंद्र कुमार, अलौली थानाध्यक्षअपराधियों पर कठोर कार्रवाई हो: घटना के संबंध में जिला परिषद सदस्य रजनीकांत ने बताया की सड़क पर बाइक पर तीन अपराधी सबार थे और मिथिलेश से मोबाइल छीनतई कर रहे थे जिसका वह विरोध किया. इसके बाद बदमाशों ने मिथिलेश को गोली मार दी. उन्होंने मांग की है कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कर अपराधियों पर कठोर कार्रवाई की जाए.
