रोहतास के चेनारी थाना क्षेत्र में एनएच-19 पर सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि 8 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार सभी लोग कुंभ मेले में जा रहे थे। मृतक की पहचान नवादा गांव निवासी रामाश्रय प्रसाद के बेटे गौरव कुमार के रूप में हुई। एयरबैग खुलने के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। गौरव की पत्नी रजनी देवी और उनके दो बच्चे सौरभ और शौर्य कुमार भी घायल हुए है। गंभीर रूप से घायल सौरभ, शौर्य और कार चालक प्रदीप कुमार को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
कार में गया जिले के फतेहपुर गांव के दशरथ प्रसाद, उनकी पत्नी गुड़िया देवी, बहू नेहा कुमारी और खगड़िया जिले की गोबरी जमालपुर की रितिका कुमारी भी सवार थी, जो घायल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर ट्रक से टकराने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। सदर अस्पताल भभुआ के डॉक्टर अविनाश के अनुसार, सभी घायलों को पहले कैमूर जिले के कुदरा में प्राथमिक उपचार दिया गया। फिलहाल गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को छोड़कर अन्य का इलाज सदर अस्पताल भभुआ में जारी है। घायलों ने बताया कि वे सभी गया जिले से कुंभ मेले जा रहे थे और पीछे की सीट पर सो रहे थे, जब यह हादसा हुआ।
