पत्रकारों की पिटाई मामले ने पकड़ा तूल, राजद छात्र नेताओं ने फूंका अजय मंडल का पुतला
अजय मंडल का विरोध करते छात्र नेता।
भागलपुर सांसद अजय मंडल ने एक दिन पहले दो पत्रकारों की अपने गुर्गों के साथ पिटाई कर दी थी। अब मामले ने तूल पकड़ लिया है। एक तरफ बिहार में विपक्ष के नेताओं ने सांसद अजय मंडल को गुंडा बताते हुए कार्रवाई की मांग की, तो वहीं भागलपुर में सांसद अजय मंडल का पुरजोर विरोध हो रहा है।
गुरुवार को तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के सामने छात्र राजद के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सांसद अजय मंडल का पुतला दहन किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्र राजद के नेताओं ने कहा कि जिस तरह से सांसद ने पत्रकारों के साथ अमानवीय व्यवहार किया है लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला किया है। यह पूरे देश के लिए शर्मनाक है।
मायागंज अस्पताल में भर्ती घायल पत्रकार
प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा- भाजपा बताए, क्या ये जंगल राज नहीं है
राजद छात्र विंग के नेताओं ने सांसद को चरित्रहीन और भ्रष्टाचारी भी बताया है। वहीं, उन्होंने कहा कि बिहार में जिस तरह से जदयू और भाजपा के लोग जंगल राज की दुहाई देते हैं, आज वह कहां है, क्या यह जंगल राज नहीं है। जहां एक सांसद पत्रकार पर हमला करता है। आम लोगों के साथ किस तरह से व्यवहार करता होगा।
सड़कों पर उतरे लोग
मालूम हो कि कल दोपहर मुख्यमंत्री नीतीश के आगमन की सूचना पर खबर संकलन कर रहे पत्रकार कुणाल शेखर और सुमित के साथ जदयू के सांसद अजय मंडल ने मारपीट की माँ बहन की गालियां दी, सांसद ने पत्रकारों को दौड़ाकर जमीन पर गिराकर मारा, जान से मारने की धमकी दी।
इधर, घायल पत्रकार कुणाल शेखर और सुमित कुमार से मिलने व हालचाल जानने के CM नीतीश कुमार के करीबी और शिक्षाविद सह बाल श्रम आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष राजीव कांत मिश्रा पहुंचे। उन्होंने हालचाल लेते हुए घटना को निंदनीय बताया।
