किशनगंज में बिहार रक्षा वाहिनी स्वयं सेवक संघ ने भीमराव अंबेडकर टाउन हॉल के पास अपनी लंबित मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। गृहरक्षकों की 21 सूत्री मूलभूत मांगों के समाधान के लिए चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत की गई।

 

केंद्रीय समिति पटना के अध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित तीन दिवसीय धरना में ‘समान काम का समान वेतन’ की मांग प्रमुख रही। आंदोलनकारियों ने 28 जनवरी को जिला समादेष्टा कार्यालय से एक रैली निकालने की घोषणा की है। जो पुलिस अधीक्षक कार्यालय होते हुए जिला पदाधिकारी कार्यालय तक जाएगी। 29 जनवरी को शाम 5 बजे मशाल जुलूस निकाला जाएगा, जो जिला समादेष्टा कार्यालय से शुरू होकर विभिन्न कार्यालयों से होते हुए बस स्टैंड पर समाप्त होगा।

 

 

कार्यक्रम में संघ के अध्यक्ष अमल किशोर यादव, सचिव अशोक कुमार मंडल सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे। संरक्षक गोपाल कुमार सिंह, उप सचिव शांति लाल यादव और शाहिद आलम भी उपस्थित रहे। बता दें कि राज्य के गृहरक्षक लंबे समय से इन मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।