जमुई पुलिस ने खैरा थाना क्षेत्र से एक ठग को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार ठग की पहचान भोला यादव के रूप में हुई है। भोला यादव ने कई लोगों को लाखों रुपए का चूना लगाया है। भोला यादव ने एक धान कारोबारी से 24 लाख,सर्राफा कारोबारी से 05 लाख,नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से साढ़े तीन लाख रुपए की ठगी की है। दो साल से फरार चल रहे भोला यादव की तलाश पुलिस को था। पुलिस ने इसे खैरा थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव से गिरफ्तार किया है।
जमुई एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि भोला यादव पर खैरा थाना कांड संख्या 402/22, 447/22 सहित खैरा थाना एवं एससी/एसटी थाना में कई मामले दर्ज है।उन्होंने बताया कि भोला यादव काफी लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी अग्रिम जमानत याचिका को माननीय उच्च न्यायालय के द्वारा खारिज किया गया था और उसे आत्मसमर्पण करने का भी निर्देश दिया गया था।
उन्होंने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय के निर्देश के बावजूद भी उसने कोर्ट में सरेंडर नहीं किया था। जिसके बाद तकनीकी सूचना के आधार पर छानबीन कर भोला यादव को गिरफ्तार किया गया।उन्होंने बताया कि भोला यादव के खिलाफ पैसे के हेरफेर, मारपीट और अनुसूचित जाति जनजाति एक्ट का भी मामला दर्ज है।
भोला यादव ने भागलपुर निवासी एक कारोबारी के साथ धान का कारोबार करने के नाम पर 24 लाख रुपए का ठगी किया था। इसे लेकर बीते 18 अक्टूबर 2022 को खैरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। वही भोला यादव ने खैरा बाजार निवासी सर्राफा कारोबारी ओम प्रकाश मोदी को भी ठगी का शिकार बनाया था।
जिसे लेकर ओम प्रकाश मोदी ने खैरा थाना में चेक बाउंस तथा मारपीट का एक मामला दर्ज कराया था। वहीं नौकरी दिलाने के नाम पर साढ़े तीन लाख की ठगी खैरा थाना क्षेत्र के गोपालपुर के मनोहर दास की पत्नी संजू देवी से किया था। पुलिस ने भोला यादव को जेल भेज दिया है।
