स्थानीय पुलिस ने मंगलवार को कुशेश्वरस्थान बाजार में थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में भारी वाहनों के दिन में प्रवेश पर प्रतिबंध का उलंघन करने वाले आधे दर्जन ट्रक और ट्रेक्टर का चलान काटा। थाना अध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि पांच ट्रक और एक बांस लदा हुआ ट्रेक्टर का चलान काटा गया। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत के बैठक में पारित आदेश के अनुसार कुशेश्वरस्थान बाजार में सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक बस,ट्रक सहित सभी प्रकार के भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा हुआ है। बाबजूद वाहन चालक प्रतिबंधित समय में अपने वाहन लेकर बाजार में प्रवेश करने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसलिए चालान काटने जैसे कठोर कदम उठाना पड़ा है। बताते चलें कि दिन भर बाजार में भारी वाहनों के प्रवेश करने पर प्रतिबंध के फैसले को लागू करना नगर पंचायत एवं पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई है। नगर पंचायत एवं पुलिस प्रशासन के बार बार चेतावनी दिए जाने के बाद भी न तो भारी वाहनों का बाजार आना बंद हो रहा है न ही सड़क को अवैध कब्जा कर दुकान लगाने पर विराम लगी है। जिससे लोगों को रोज बाजार में लगने वाले जाम से जूझना पड़ता है। नगर पंचायत एवं पुलिस प्रशासन द्वारा नियमित रूप से भारी वाहनों को प्रवेश पर दंडात्मक कार्रवाई नहीं होने से वाहन चालकों को प्रशासन का भय नहीं रह गया है। यही कारण है कि भारी वाहन के बाजार में आना बंद नहीं हो रहा है।