अररिया में परिवार सहित गांव में खुशी की लहर, लोगों ने दी बधाई।
अररिया के भरगामा प्रखंड क्षेत्र के महथावा बाजार निवासी मनीष भगत के इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट ऑफ इंडिया की ओर से घोषित फाइनल परीक्षा में पास होने की खबर मिलते ही परिवार सहित गांव व प्रखंड क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। सीए फाइनल की परीक्षा में पास होने की खबर सुनते ही माता गीता देवी पिता रामविलास भगत ने बताया कि फाइनल परीक्षा में पास होकर बेटे मनीष ने गांव ही नहीं पूरे प्रखंड का मान बढ़ाया है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि मनीष का बचपन से ही सीए बनने का सपना था। जो अब पूरा हो गया है। सफलता से उत्साहित मनीष ने कहा कि कड़ी मेहनत, लगन व परिश्रम से जीवन का हर सपना पूरा किया जा सकता है। उन्होंने आगे कहा कि विद्यार्थियों को अपना एक लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और जब तक वह पूरा ना हो मेहनत करना चाहिए। इस उपलब्धि पर पूरे परिवार व गांव में खुशी का माहौल है। मनीष के बड़े भाई शंकर भगत, छोटे भाई सूरज भगत व्यापार से जुड़े हैं। जबकि माता गीता देवी गृहिणी है। वहीं पिता रामविलास भगत बेटे के काम में सहयोग करते है। इधर चाचा राम अवतार भगत, नरेश भगत, गोपाल भगत सहित मुखिया प्रतिनिधि कुलदीप यादव, पूर्व मुखिया बिंदेश्वरी दास, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि मणिलाल भगत, युवा नेता प्रवीण साह, पैक्स अध्यक्ष सुरेश श्रीवास्तव, प्रो गुरुदेव यादव, डोली देवी, सरपंच दशरथ प्रसाद साह ने बताया मनीष बचपन से ही पढ़ने में अच्छा रहा है।
