जमुई:- खेल के क्षेत्र में बिहार के एक और बेटे ने पूरे राज्य का नाम रोशन किया है और अब वो भारत का प्रतिनिधित्व करेगा. दरअसल नवादा जिले के रहने वाले तौसीफ रसूल का चयन भारतीय हैंडबॉल टीम में किया गया है, जो आगामी 14 जुलाई से अम्मान (जॉर्डन) में आयोजित होने वाले 18वीं जूनियर एशियाई पुरुष हैंडबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा लेगा. तौसीफ रसूल इस टीम का इकलौता बिहारी खिलाड़ी है और अब उसके चयन के बाद पूरे इलाके के खेल प्रेमियों में जश्न का माहौल है. गौरतलब है कि तौसीफ रसूल नवादा जिले के बड़ी दरगाह शेख टोली का रहने वाला है और उसका चयन भारतीय हैंडबॉल टीम में किया गया है.
बिहार का यह खिलाड़ी बढ़ाएगा देश का मन तौसीफ रसूल के चयन के बाद अब उसे शुभकामनाएं मिल रही हैं. तौसीफ के चयन पर बिहार के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता सहित अन्य लोगों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. तौसीफ रसूल ने कहा कि उन्होंने बचपन में बहुत दु:ख देखा है. ये सब सहकर ही आज उन्हें सफलता मिली है. तौसीफ ने विश्वास जताते हुए कहा कि वह राज्य के साथ-साथ पूरे देश का नाम जरूर रोशन करेंगे. गौरतलब है कि तौसीफ पिछले 2023 से भारतीय खेल प्राधिकरण में ट्रेनिंग ले रहे हैं और वहीं से उन्होंने कोचिंग ली है. इससे पहले वह नवादा के हरिशचंद्र स्टेडियम में 3 साल लगातार हैंडबॉल की प्रैक्टिस करते थे. तौसीफ अपनी टीम के इकलौते बिहारी खिलाड़ी हैं, जिनका चयन हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में किया गया है.
