विश्व जनसंख्या दिवस के उद्देश्य को आम जनों तक पहुंचाने के लिए पीएएचसी पर हुई बैठक

मनीगाछी संवाददाता दरभंगा :

आगामी 11 जुलाई से 31 जुलाई तक मनाए जाने वाले विश्व जनसंख्या दिवस पखवाड़े में सभी गांवों एवं मुहल्लों में चौपाल आयोजित कर परिवार नियोजन के महत्व एवं इसके साधनों की जानकारी देने का निर्णय लिया गया है। प्रखंड मुख्यालय स्थित पी एच सी में सोमवार को डॉ रेजा आलम की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्वास्थ्य प्रबंधक विजय कुमार, प्रखंड कम्युनिटी मोबलाइजर पी एस आई इंडिया के प्रतिनिधि सुमित कुमार सिंह,पिरामल के प्रतिनिधि प्रशांत कुमार,आइ सी डी एस की महिला पर्यवेक्षिका प्रीति कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे। बैठक में “विकसित भारत की नई पहचान परिवार नियोजन हर दंपति की शान”को साकार करने के लिए चौपाल आयोजित कर जनसंख्या नियंत्रण के लिए परिवार नियोजन के महत्व एवं सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। बैठक के उपरांत डॉ रेजा आलम ने बताया कि परिवार नियोजन के लिए पुरुष नसबंदी, महिला बंध्याकरण, अंतरा सुई, छाया, माला एन गोली सहित अन्य सुविधाएं मुफ्त में सरकार की ओर उपलब्ध कराई जा रही हैं।पी एस आई के डॉ सुमित कुमार ने बताया कि बच्चों एवं प्रसूताओं को कुपोषण से बचाने के लिए दो बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्षों का अंतराल आवश्यक है। इसके लिए उपयोग में लाए जाने वाले साधनों की जानकारी दंपतियों को दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए सभी समुदायों में मेला एवं चौपाल का आयोजन कर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह सुविधा सभी अस्पतालों में उपलब्ध कराई जाएगी।