घटना रविवार की रात करीब 11 बजे कुढ़नी प्रखंड के तुर्की थाना के तारसन की है। जहां रिंजू देवी (29) की अपने पति मंजीत महतो से फोन पर बहस हुई। फिर दोनों के बीच गाली-गलौज हो गई। इस वाकये से नाराज रिंजू देवी ने बेटी प्रियांशु कुमारी (5) और बेटे किशन कुमार (6) को पहले जहर खिलाया फिर खुद खा लिया। रिंजू देवी और प्रियांशू की माैत हाे गई, जबकि किशन कुमार का एसकेएमसीएच के पीआईसीयू में इलाज चल रहा है।
रिंजू ने पति से हुए झगड़े की बात अपनी बड़ी बहन चुनचुन देवी को बताई थी। उसने रात में कॉल कर सारी बात बताई। रात ज्यादा होने के बाद उसकी बड़ी बहन ने अभी सो जाने और सुबह कॉल करने की बात कही, लेकिन गाली-गलौज से आहत रिंजू ने पहले प्रियांशु और किशन काे कीटनाशक पदार्थ थाइमेट खिलाया और फिर खुद भी खा लिया।
10 साल पहले दोनों ने घर से भाग कर रचाई थी शादी
रिंजू के भाई रंजन मांझी ने बताया कि दोनों ने 10 साल पहले घर से भाग कर शादी की थी। दोनों का घर एक-दूसरे के घर से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर था। अपनी मर्जी से शादी करने के बाद दोनों पति-पत्नी तारसन गांव स्थित नहर के तटबंध पर झोपड़ी का घर बनाकर जीवन यापन कर रहे थे।
गरीबी के बावजूद दोनों खुशी-खुशी रह रहे थे। मंजीत मुंबई में मजदूरी करता है। शादी के बाद ऐसी शिकायत नहीं मिलती थी। सोमवार की सुबह बगल के लोगों ने मेरी मां को सूचना दी।
ससूर ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया
प्रियांशु व किशन के रोने की आवाज पर बहू की कमरे में पहुंचे ससूर भरोसी महतो को देख कर उसका पोता कहने लगा। कमरे से दुर्गंध आ रही थी। इसके बाद भरोसी महतो ने उप मुखिया और लोगों की सहायता से तीनों काे एसकेएमसीएच में भर्ती कराया। रिंजू की मां जलसिया देवी ने उसके पति पर एसकेएमसीएच थाने में बयान दर्ज कराया है। एसकेएमसीएच थानेदार डॉ. ललन पासवान ने बताया कि बयान की कॉपी तुर्की थाने को भेजी जाएगी।
