गया के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नूर कालोनी स्थित एक मकान से कोतवाली थाने में तैनात महिला ASI मंजुला सिंह (45) का शव बरामद हुआ है। महिला की बॉडी कुर्सी पर बैठी हुई स्थिति में थी और सिर, दीवार से टिका हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मंजुला बेगूसराय के गेहूंना गांव की निवासी थी।
मंजुला दो वर्षों से गया जिला पुलिस बल में तैनात थी। मृतका के बदन पर कहीं भी किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं है। महिला ASI का कमरा भी अंदर से ही बंद था। वह किराए के मकान में रहती थी। पुलिस कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची। घटना की जानकारी हुई है। पुलिस आशंका जता रही है कि ASI की मौत हार्ट अटैक से हुई है।
सिविल लाइन थानाध्यक्ष शमीम अहमद को ASI मंजुला सिंह के बेटे पारितोष सिंह ने फोन पर सूचना दी कि उसकी मां ASI मंजुला सिंह, कोतवाली थाना डायल 112 में पदस्थापित हैं, जो कॉलोनी में रहती है। कल रात से वह कॉल रिसीव नहीं कर रही हैं। कॉल रिसीव नहीं किए जाने की वजह से मन में कई प्रकार डर व चिंता हो रही है।
सिविल लाइन थानाध्यक्ष शमीम अहमद ने बताया कि वरीय पुलिस अधिकारी को सूचना से अवगत कराते हुए, थाने के अन्य पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के साथ बताए गए पता पर पहुंचे तो देखा कि घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद है। वरीय अधिकारियों से आदेश लेने के बाद दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां एक महिला को कुर्सी पर बैठे हुए पाया गया। जांच की गई, तो वह मृत थी। मृतका की पहचान ASI मंजुला सिंह के रूप में की गई है। घटनास्थल पर पहुंचकर एसपी सिटी प्रेरणा कुमार ने जांच पड़ताल किया। मृतका के शव को आगे की जांच और पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल हॉस्पिटल, गया भेजा गया है। इस मामले में कार्रवाई की जा रही है।
