जय प्रकाश यूनिवर्सिटी में नए पाठ्यक्रम की शुरुआत को लेकर कवायद तेज कर दी गई है। यूनिवर्सिटी में अब कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई भी जल्द ही शुरू होगी। हालांकि यूनिवर्सिटी में पहले भी इस विषय की पढ़ाई होती थी, लेकिन पिछले कुछ सालों से से टेक्निकल कारणों से इस पर रोक लगा दी गई थी।
जानकारी के अनुसार स्नातक का कोर्स शुरू होने के साथ ही सर्टिफिकेट इन इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की भी शुरुआत की जाएगी। इससे प्रोफेशनल कोर्स करने वाले छात्रों को बाहर का रुख नहीं करना पड़ेगा। मौजूदा समय में जेपी यूनिवर्सिटी के अधीन आने वाले चार कॉलेजों में सर्टिफिकेट इन आईटी की पढ़ाई कराई जा रही है।
जय प्रकाश यूनिवर्सिटी के डिस्टेंस लर्निंग डायरेक्टर ने बताया कि सभी सर्टिफिकेट, वोकेशनल और प्रोफेशनल कोर्स के लिए सरकार को पत्र लिखा गया है। यूनिवर्सिटी की तरफ से सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। बस सरकार के आदेश का इंतजार है। सीआईटी कोर्स में किसी भी स्ट्रीम के छात्र-छात्राओं को दाखिला का अवसर मिलेगा।
इस कोर्स में प्रवेश लेकर छात्र आज की सूचना तकनीक का लाभ उठाकर अपने अध्ययन और रिसर्च कार्य को पूरा कर सकते हैं। कोर्स के लिए फिलहाल छह हजार तीन सौ रुपए प्रवेश शुल्क निर्धारित की गई है। कोर्स की अवधि छह माह की होगी। इसमें वैसे छात्र भी नामांकन ले सकते हैं जो कॉलेज में पहले से पढ़ रहे हैं।
