दरभंगा: कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय की अध्यक्षता में मंगलवार को उनके कार्यालयीय कक्ष में आयोजित आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (इंटरनल क्वालिटी असुरेन्स सेल यानी आईक्यूएसी) की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। मिथिला की ज्ञान परम्परा व शास्त्रीय पहचान को संस्कृत विश्वविद्यालय के जरिए राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय क्षितिज पर मजबूती से स्थापित करने पर भी बैठक में गम्भीरता से विचार किया गया। कुलपति प्रो. पांडेय ने सुझाया कि विश्वविद्यालय के गौरवमयी इतिहास को और अधिक सशक्त बनाने के लिए कला व साहित्यिक मंच बनाए जाएंगे। इसी क्रम में उन्होंने शास्त्र संजीवनी मंच, संस्कृत प्रचार मंच, कला रंजिनी मंच, पर्यावरण मंच, युवा चेतना मंच, महिला चेतना प्रकोष्ठ को विश्वविद्यालय स्तर पर स्थापित करने का निर्देश दिया। साथ ही इन मंचों के सफल संचालन के लिए एक एक संयोजक भी नामित किया गया।

स्पष्ट किया गया कि इन्हीं मंचों द्वारा सभी गतिविधियों को संचालित किया जाएगा। वहीं कुलपति ने भविष्य का खाका खींचते हुए कहा कि मिथिला न्याय व दर्शन की धरती रही है। इसलिए न्याय की विद्या की रक्षा के लिए विश्वविद्यालय में मिथिला-कांची पीठ की स्थापना की जाएगी और इसी के जरिए उत्तर व दक्षिण के विद्वानों का यहां समागम होगा। इसी परम्परा पर वृहत कार्यशाला का भी आयोजन होगा। ललित कला संकाय को भी पुनर्जीवित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए पूर्व निदेशक वीरेंद्र सिंह से भी सलाह लेने का निर्णय हुआ। उक्त जानकारी देते हुए जनसम्पर्क पदाधिकारी निशिकान्त प्रसाद सिंंह ने बताया कि वैसे तो बैठक का मूल रूप से 13 बिन्दुओं का प्रस्ताव था, लेकिन उसके इतर विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर निर्णय लिया गया। वर्ष 2017-18, 18-19, 19-20 तथा 20-21 के वार्षिक गुणवत्ता आश्वासन रिपोर्ट (एनुअल क़्वालिटी असुरेन्स रिपोर्ट यानी एक्यूएआर) के अनुमोदन पर विचार के क्रम में तीन सदस्यीय कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया। इस कमेटी में डॉ. पुरेन्द्र वारीक, डॉ. साधना शर्मा व डॉ. घनश्याम मिश्र को शामिल किया गया है। यही कमेटी सदस्य एक्यूएआर की जांच परख करेंगे तथा नैक के वेबसाईट पर अपलोड भी कराएंगे।

वहीं संस्कृत भाषा के उत्थान के लिए निर्णय लिया गया कि कालेजों में संस्कृत सम्भाषण कार्यक्रम को मजबूती से आयोजित किया जाय। सूचना वैज्ञानिक डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समन्वयन में आयोजित बैठक में मुख्य रूप से कुलपति प्रो. पांडेय के अलावा डॉ. पुरेन्द्र बारीक, डॉ. शिवलोचन झा, डॉ. दिलीप कुमार झा, डॉ. पवन कुमार झा, डॉ. घनश्याम मिश्र, डॉ. साधना शर्मा, डॉ. शम्भु शरण तिवारी, डॉ. यदुवीर स्वरूप शास्त्री, डॉ. रामसेवक झा, छात्रा सीता कुमारी, डॉ. विभव कुमार तथा केएसडीएसयू कैम्पस की एसबीआई शाखा के मुख्य प्रबंधक उपस्थित थे।