दरभंगा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् मिश्रटोला कार्यालय पर अभाविप के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के देहावसान पर श्रद्धांजलि सभा एवं दो मिनट का मौन रखा गया। अभाविप के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री तथा बिहार राज्य के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के निधन से विद्यार्थी परिषद् परिवार सहित सम्पूर्ण देश भर के कार्यकर्ता अत्यंत शोकाकुल है। वर्ष 1983, 1984, 1985 के दौरान सुशील कुमार मोदी ने अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री के दायित्व का निर्वहन करने के साथ, आपातकाल के विरुद्ध आंदोलन में प्रमुख भूमिका का निर्वहन करते हुए देश में छात्र आंदोलन की एक सशक्त पहचान स्थापित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आपातकाल के दौरान वे कुख्यात ‘मीसा’ के तहत 5 बार गिरफ्तार हुए तथा देश को आपातकाल की छाया से मुक्त कराने हेतु लगभग 24 महीने जेल में रहे। मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दरभंगा विभाग प्रचारक रविशंकर, प्रदेश सह मंत्री उत्सव पराशर, विभाग संगठन मंत्री दीपक मिश्रा आदि ने विचार रखे।