मनीगाछी। आम मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने को लेकर शुक्रवार को जे.एन. कालेज, नेहरा के द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में कॉलेज के शिक्षक/ शिक्षकेतर कर्मियों एवं छात्र-छात्राओं तथा एन एस एस स्वयं सेवकों ने भाग लिया। जागरूकता प्रभातफेरी निकालने से पूर्व महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. रमेश यादव ने मतदान के महत्व को समझाते हुए इसे राष्ट्र हित में आवश्यक बताया। इसे राष्ट्रीय पर्व मानकर वोट देने एवं दिलाने की अपील छात्र/छात्राओं से की गई। इसके बाद राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम पदाधिकारी विपिन कुमार राम के नेतृत्व में सभी छात्र/छात्राओं एवं एनएसएस स्वयं सेवकों ने महाविद्यालय परिसर से लेकर नेहरा लुल्हवा चौक तक प्रभात फेरी निकाली। जिसमें छात्र/छात्राओं ने सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो। छोड़ो अपने सारे काम, पहले चलो करे मतदान। एक वोट से जीत हार, वोट न हो कोई बेकार। लोकतंत्र का भाग्य विधाता, होगा जागरूक मतदाता। लोकतंत्र में हिस्सेदारी, हम सबकी है जिम्मेदारी आदि नारे लगाते हुए लोगों को वोट देने के लिए प्रेरित किया। इसमें डॉ. श्यामानंद शांडिल्य, डॉ. संगीत रंजन नटवर, डॉ. विक्रम कुमार, शहनवाज अहमद, डॉ. मिथिलेश मिश्रा, डॉ. सुनीता कुमारी, डॉ. एकता रानी सहित सभी शिक्षक/शिक्षिकाएं शामिल थे।
