मनीगाछी। स्थानीय थाना क्षेत्र के राघोपुर उत्तरी पंचायत के नारायणपुर गांव में किराए के मकान में रह रहे एक व्यक्ति को गत 15 अप्रैल को उसके किराए के मकान से 12 कारतूस, दो खोखा, चार बुलेट, चार चार्जर एवं एक चोरी की एक कार के साथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति लहेरियासराय के रहमगंज मुहल्ला निवासी मो. सफीक का पुत्र मो. अजीज बताया जाता है। आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने वाला मो. अजीज महीनों से थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में किराए के मकान में रहता था। गांव में इसकी संदिग्ध गतिविधियों को लेकर आशंकित स्थानीय लोगों द्वारा मिली जानकारी पर मनीगाछी थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने इसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान इसकी गतिविधियों को देखकर इसके किराए के मकान की तलाशी ली गई, तो उसके घर से पर्याप्त मात्रा में उक्त अवैध सामान बरामद किए गए। कड़ाई से की गई पूछताछ में उसकी निशानदेही पर लहेरियासराय के महाराज गंज निवासी मो नसीम अंसारी के पुत्र मो. वसीम अख्तर को हिरासत में लेकर उसके घर की तलाशी ली गई, जहां से एक चोरी का लैपटॉप बरामद किया गया। मनीगाछी थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए मो अजीज से एक यूपी42डब्ल्यू-0568 नम्बर की कार भी बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि उक्त कार से ये लोग दिन में क्षेत्र भ्रमण कर परदेश में रहने वाले लोगों के घरों की रेकी कर रात को एकांत में उसके घरों में चोरी सहित अन्य घटनाओं को अंजाम दिया करते थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि इसके विरुद्ध थाना में कांड संख्या 82/24 दिनांक 15/4/24 दर्ज कर इन दोनों गिरफ्तार व्यक्तियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।