ललित नारायण मिथिला विवि के कुलसचिव प्रो. अजय कुमार पंडित ने शुक्रवार को विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, दरभंगा शहरी तथा सहायक विद्युत अभियंता, विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल, दरभंगा को एक पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने लनामि विवि परिसर में अतिक्रमणकारियों को अवैध तरीके से विद्युत आपूर्ति देने पर आपत्ति जतायी गयी है।
कुलसचिव ने पत्र में कहा है कि विवि परिसर में अतिक्रमणकारियों ने फर्जी तरीके अथवा अनुचित मदद से बिजली कनेक्शन प्राप्त किया है और वे निर्बाध विद्युत आपूर्ति का लाभ ले रहे हैं। इस फर्जीवाड़े का उद्देश्य अवैध अतिक्रमण को कब्जे के रूप में दर्शना है और विवि की अचल संपत्ति को नुकसान पहुंचाना है। स्थलीय जांच में विवि परिसर में स्थित श्यामा माई मंदिर के मुख्य द्वार के बाहर, अग्निशमन कार्यालय के सामने, विश्वविद्यालय थाने के दक्षिण एवं पश्चिम रास्ते के किनारे एवं डेनबी रोड में अतिक्रमणकारी अवैध तरीके से बिजली मीटर प्राप्त कर विद्युत आपूर्ति हासिल करते हुए देखे जा सकते हैं।
विवि परिसर में विद्युत विभाग ने पेड़ों व खंभों पर मीटर लगाकर अवैध आपूर्ति दी है। अवैध तरीके से विद्युत आपूर्ति हासिल करने में सफल होने से बिजली कार्यालय की कार्यसंस्कृति पर प्रश्नचिन्ह खड़ा हो रहा है। साथ ही ऐसा प्रतीत हो रहा है कि विद्युत विभाग अतिक्रमणकारियों को अप्रत्यक्ष रूप से अवैध कब्जा करने में मदद कर रहा है। इन तथ्यों के आलोक में अनुरोध है कि सघन मुहिम चलाकर अतिक्रमणकारियों द्वारा अवैध रूप से प्राप्त की जा रही विद्युत सेवा को अविलंब हटाएं अन्यथा विश्वविद्यालय विद्युत विभाग के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगा। विवि की सारी जमीन कुलाधिपति सह राज्यपाल के अधीन होती है। इस संबंध में की गयी कार्रवाई से हमें भी अवगत कराएंगे। इस पत्र की प्रतिलिपि राज्यपाल के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल चोंग्थू व दरभंगा डीएम को भी दी गयी है।
