सड़क दुर्घटना में एक की मौत एवं पुलिस प्रशासन पर हुए पथराव को लेकर थाना में दो अलग अलग एफआईआर हुआ दर्ज, 41 नामजद में 15 लोगों को पुलिस ने भेजा न्यायिक हिरासत में।

बिरौल/दरभंगा

एस एच 56 पर अवस्थित शिव शक्ति पेट्रोल पम्प  के निकट बीते दिन सड़क दुर्घटना में हांटी गांव के बाइक सवार की मौत के बाद आक्रोशित लोगों के द्वारा सड़क जाम के क्रम में पुलिस दल पर पथराव के मामले में दो अलग अलग एफआईआर दर्ज किया गया है। मृतक के पिता रामनारायण उर्फ चिना पासवान के द्वारा दिये गए आवेदन में जहां पुलिस के कैदी वाहन के ठोकर से अपने 25 वर्षीय पुत्र बलराम की मौत होने की बात बताते हुए कार्रवाई की मांग की है वहीं थानाध्यक्ष अमृत लाल वर्मन के लिखित आवेदन पर दुसरी एफआईआर दर्ज किया गया है।जिसमें 41 लोगों को नामजद व 200 से 250 अज्ञात लोगों को अभियुक्त बनाते हुए 15 नामजद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के द्वारा दर्ज एफआईआर में नाजायज मजमा बनाकर राजद्रोहात्मक कार्य करने एवं मुख्य सड़क मार्ग पर आवागमन बाधित करना,पुलिस बल पर लाठी डंडा ईंट एवं अन्य घातक हथियार से हत्या के उद्देश्य से जानलेवा हमला कर घायल करना एवं महिला पुलिस अधिकारी के साथ अमर्यादित आचरण करते हुए वर्दी फाड़ना,आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन सहित कई गंभीर मामलों का उल्लेख किया गया है।