दरभंगा: गुरुवार को स्थानीय महारानी कल्याणी महाविद्यालय लहेरियासराय, दरभंगा में महाविद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य सरदार डॉ. अरविंद सिंह के निधन पर अंतिम अरदास सभा का आयोजन प्रधानाचार्य प्रो. मो. रहमतुल्लाह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रधानाचार्य प्रो. मो. रहमतुल्लाह ने कहा कि सरदार अरविंद सिंह महान शख्सियत और नेक दिल इंसान थे। आज उनके निधन पर हर आंखें नम है। महारानी कल्याणी महाविद्यालय के नवनिर्माण में उनका अविस्मरणीय व अतुलनीय योगदान है। वैसे तो एक दिन हर किसी का रूह शरीर से जुदा होता है लेकिन जब ऐसे शख्सियत हमारे बीच से जुदा होते हैं तो सहसा विश्वास नहीं होता। यकीनन मुझे आज भी विश्वास नहीं हो रहा है कि वो हमारे बीच नहीं रहे लेकिन सच्चाई यही है कि आज सरदार जी इस दुनिया से विदा हो गये लेकिन उनकी आत्मा सदैव इस महाविद्यालय में थी, है और रहेगी। शैक्षणिक जगत के मैनेजमेंट गुरु सरदार अरविंद सिंह को महाविद्यालय परिवार की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि प्रस्तुत करता हूँ और वाहेगुरु जी से अंतिम अरदास करता हूँ कि सरदार जी को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके पूरे परिवार को इस दुख को सहने की क्षमता दें। इस दुख की घड़ी में पूरा महाविद्यालय उनके परिवारजनों के साथ खड़ा है। जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल, वाहे गुरू जी की खालसा, वाहे गुरू जी की फतेह”

इस मौके पर प्रधानाचार्य प्रो. मो. रहमतुल्लाह, पूर्व प्रधानाचार्य नंद किशोर प्रसाद, प्रो. नैयर आजम, प्रो. शारदानंद चौधरी, बालादित्य झा, बिंदेश्वर मंडल, महाविद्यालय के बर्सर डॉ. शम्से आलम सहित सभी शिक्षक व कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखते हुए अंतिम अरदास में भाग लिया और उनके तस्वीर पर पुष्प अर्पित किया।