लोकसभा चुनाव, सरस्वती पूजा और अपराध नियंत्रण को लेकर थानाध्यक्षों के साथ हुई बैठक,एसडीएम, एसडीपीओ ने दिये कई संयुक्त निर्देश।

कहा-वैसे लोगों को चिन्हित कर सूची तैयार करें जिसके कारण विधि व्यवस्था भंग होने की बनी रहती है संभावना।

बिरौल दरभंगा
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में मंगलवार को सभी थानाध्यक्षों एवं ओपी प्रभारियों की बैठक आहुत की गई।जिसमें लोकसभा चुनाव एवं सरस्वती पूजा के अलावा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर महत्वपूर्ण विन्दुओं पर चर्चा की गई। बैठक में लोकसभा चुनाव एवं सरस्वती पूजा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर एसडीएम उमेश कुमार भारती एवं एसडीपीओ मनीष चन्द्र चौधरी ने पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से आवश्यक निर्देश दिये। एसडीएम ने वैसे लोगों को चिन्हित कर सूची तैयार करने को कहा जिसके कारण विधि व्यवस्था भंग होने की संभावना बनी रहती है। साथ ही उन्होंने वैसे लोगों के विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया अविलंब शुरू करने को कहा जो चुनाव के दौरान कमजोर वर्ग के मतदाताओं को डरा धमकाकर कर मतदान केंद्रों पर जाने में व्यवधान उत्पन्न करते हैं। वहीं एसडीपीओ मनीष चन्द्र चौधरी ने उपस्थित सभी थानाध्यक्षों को लोकसभा चुनाव को प्रभावित करने वाले लोगों एवं असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उसके विरुद्ध सीसी ए की कार्रवाई कर प्रतिवेदन देने का निर्देश दिये। एसडीपीओ ने वारंटियों की गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में उसके विरूद्ध न्यायालय से कुर्की निर्गत करने को कहा। साथ ही फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर लंबित मामलों का निष्पादन जल्द करने एवं वाहन जांच व गश्ती के दौरान संदिग्ध पाये गए व्यक्ति से सघन पूछताछ करने का निर्देश दिये।उन्होंने क्षेत्र में गलत अफवाह फैला कर विधि व्यवस्था भंग करने वाले लोगों के विरुद्ध शख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिये। मौके पर अंचल पुलिस निरीक्षक सुरेश कुमार राम के अलावा पुअनि रवि कुमार चौधरी,अजीत कुमार,राकेश कुमार सिंह, कल्पना कुमारी, मनीष कुमार,राहुल कुमार,विंदे कुमार सिंह,रीडर रंजीत कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।