आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प में तेजी के निर्देश, पोषण माह और PMMVY की डीएम ने की समीक्षा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

पोषण माह 2026, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY), विभागीय आवंटन के विरुद्ध व्यय और आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प को लेकर शनिवार को समाहरणालय में जिला पदाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीएम ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति और सभी कार्यों को समयबद्ध पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जिले में आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों और पोषण माह डैशबोर्ड पर दर्ज प्रविष्टियों की स्थिति की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित गतिविधियों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से आयोजन हो तथा डैशबोर्ड पर सभी गतिविधियों की प्रविष्टि समय पर शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए।

PMMVY के लक्ष्य की भी हुई समीक्षा
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत प्राप्त आवेदनों और निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने पात्र लाभुकों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुक योजना के लाभ से वंचित नहीं रहें और निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा किया जाए।

आवंटित राशि के समयबद्ध खर्च पर जोर

बैठक में विभाग से प्राप्त आवंटन के विरुद्ध व्यय की स्थिति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को उपलब्ध राशि का नियमानुसार और आवश्यकता के अनुरूप समयबद्ध उपयोग करने तथा लंबित व्यय में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्धारित वित्तीय एवं भौतिक लक्ष्यों को समय पर पूरा करने को कहा।

आंगनबाड़ी केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं हों सुनिश्चित

आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प की समीक्षा के दौरान डीएम ने स्वच्छता, रंग-रोगन, पेयजल, शौचालय, विद्युत सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कायाकल्प से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने को कहा।

इसके अलावा ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। डीएम ने कार्यक्रम में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा संबंधित विभागों एवं स्थानीय पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

बैठक में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, ICDS, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO), जिला समन्वयक, GS एवं सभी प्रखंड समन्वयक उपस्थित थे। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन करते हुए योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा।