दरभंगा स्नातक व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित, 10 दिसंबर तक दावा-आपत्ति दर्ज कराने का अवसर
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
बिहार विधान परिषद 05- दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक सूची तैयार करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में प्रारूप प्रकाशन को लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-cum-जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि निर्देशानुसार 25 नवंबर 2025 को सभी निर्धारित केंद्रों पर मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया है। यह प्रारूप जिला निर्वाचन कार्यालय में भी अवलोकन हेतु उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि प्रारूप प्रकाशन के बाद 25 नवंबर से 10 दिसंबर 2025 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने अथवा हटाने से संबंधित दावा/आपत्ति दर्ज की जा सकती है।
ऑफलाइन आवेदन :संबंधित नामित पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय में जमा किया जा सकता है।
ऑनलाइन आवेदन:सीईओ बिहार के पोर्टल
https://ceo.bihar.gov.in/tcgconline/
के माध्यम से भी किया जा सकता है।
निर्धारित तिथि 10 दिसंबर तक प्राप्त दावों/आपत्तियों का निस्तारण 25 दिसंबर 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 30 दिसंबर 2025 को निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रशांत शेखर सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
यह प्रक्रिया स्नातक और शिक्षक मतदाताओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि सीमित समय में सही जानकारी और दस्तावेज प्रस्तुत कर नामांकन सुनिश्चित किया जा सकता है।