यूनेस्को क्लब ऑफ दरभंगा सिटी की सत्र- 2022-23 की अंतिम आम सभा की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की कार्यवाही क्लब के संरक्षक डॉ बिनोद कुमार मिश्र एवं डॉ ब्रज मोहन मिश्र, अध्यक्ष डॉ आर एन पी सिन्हा, सचिव श्रवण कुमार बैरोलिया, कोषाध्यक्ष डॉ अभय कुमार कश्यप एवं हीरा कुमार झा के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

उपस्थित सदस्यों का स्वागत क्लब के कोषाध्यक्ष डॉ अभय कुमार कश्यप ने किया। क्लब के संरक्षक डॉ बिनोद कुमार मिश्र ने अपने उद्बोधन में क्लब की स्थापना से लेकर अभी तक के सुनहरे यादों को जीवंत किया। वहीं संरक्षक डॉ ब्रज मोहन मिश्र ने प्रारंभिक दौर में अपने अध्यक्षीय काल और सभी उतार चढ़ाव से सभी सदस्यों को रूबरू कराया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में क्लब के अध्यक्ष डॉ आर एन पी सिन्हा ने सत्र- 2022-23 के सभी गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए सभी सदस्यों के सतत् सहयोग के लिए आभार प्रकट किया। वहीं सचिव श्रवण कुमार बैरोलिया ने क्लब के क्रियाकलापों को विस्तार पूर्वक उद्धृत किया। साथ ही आय व्यय का लेखा जोखा प्रस्तुत किया। जिस पर सभी सदस्यों ने अपनी सहमति प्रदान की।
इसके साथ ही सत्र – 2023-24 के लिए क्लब के नये पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया, जिसमें महात्मा गाँधी शिक्षण संस्थान, लहेरियासराय के चेयरमैन हीरा कुमार झा को अध्यक्ष, डॉ हलीम होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निदेशक डॉ मो० हयातुल्ला खान को सचिव एवं दीपक टेक्सटाइल्स एवं रूपम साड़ीज के व्यवस्थापक ललित खेतान को कोषाध्यक्ष चुना गया। निवर्तमान पदाधिकारियों ने अपने समकक्षीय पदाधिकारियों को पुष्प गुच्छ देकर पदासीन कराया।
सभा को संबोधित करते हुए नये सत्र के अध्यक्ष हीरा कुमार झा ने सभी सदस्यों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि आपने जिस उम्मीद के साथ हमें दायित्व दिया है, हम अपनी पूरी टीम के साथ खड़ा उतरने का भरसक प्रयास करेंगे। इसके लिए सभी वरीय सदस्यों के कुशल मार्गदर्शन और आशीर्वाद तथा सभी युवा साथियों से सतत् सहयोग देते रहने हेतु अपील की।
इस अवसर पर पाँच नये सदस्यों शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ कुमार आनन्द, प्रख्यात व्यवसायी सौरभ सुरेका, डॉन बास्को स्कूल के निदेशक अबू बकर आब्दी, प्रख्यात शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ उत्सव राज एवं उद्योगपति अशोक महनसरिया ने क्लब की सदस्यता ग्रहण की।
उपस्थित सभी सदस्यों ने नयी टीम एवं नये सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए सतत् सहयोग की भावनाओं से संबल प्रदान किया। सभा को सचिव डॉ मो० हयातुल्ला खान, कोषाध्यक्ष ललित कुमार खेतान, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ कुमार आनन्द, अबू बकर आब्दी आदि ने भी संबोधित किया।
अबू बकर आब्दी के कुशल मंचीय संचालन में आयोजित कार्यक्रम में क्लब के पूर्व अध्यक्ष डॉ बी बी शाही के द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
तत्पश्चात हाल ही के महीने में क्लब ने अपने एक के बाद एक महान सदस्यों – नवीन बैरोलिया, डॉ एस ए एच आब्दी, बद्री प्रसाद महनसरिया और डॉ के एन पी सिन्हा के निधन पर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
