बहादुरपुर थाना क्षेत्र के कबिलपुर, भगवती स्थान स्थित राजकीय आंबेडकर आवासीय विद्यालय की कई छात्राओं की अज्ञात बीमारी से पीड़ित होने का मामला पिछले कई दिनों से सुर्खियों में हैं। डीएमसीएच के मेडिसिन विभाग में इलाजरत छात्राओं की ब्लड जांच रिपोर्ट आने का चिकित्सक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही चिकित्सक किसी नतीजे पर पहुंच सकेंगे। हालांकि चिकित्सकों का अभी भी कहना है कि छात्राएं डरी-सहमी हुई हैं। छात्राओं के इलाज में मनोचिकित्सक की भी मदद ली जा रही है। इधर, बुधवार की देर शाम बेचैनी बढ़ने पर प्रीति कुमारी नामक एक छात्रा को आईसीयू में ट्रांसफर कर दिया गया। फिलहाल वहीं उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि खतरे की कोई बात नहीं हैं। सेहत की निरंतर मॉनिटरिंग के लिए उसे फिलहाल आईसीयू में रखा गया है।

वहीं दूसरी ओर परिजन अनुराधा नामक छात्रा को गुरुवार को अपने साथ घर ले गए। बाकी छात्राओं की स्थिति पहले से काफी बेहतर हुई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कई छात्राओं को डिस्चार्ज किया जा सकता है। बहरहाल इतनी बड़ी संख्या में छात्राओं के बीमार पड़ने के कारणों का खुलासा अब तक नहीं हो सका है। इसका रहस्य बरकरार है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए गठित तीन सदस्यीय कमेटी ने अभी तक जांच शुरू नहीं की है। बीमार पड़ी सभी छात्राओं में सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी, गले और बदन में दर्द जैसे समान लक्षण थे।