रविवार को एमएल एकेडमी में थंब इंप्रेशन जांच हॉल में उस समय अफरातफरी मच गई जब बहेड़ी प्रखंड के उत्क्रमित हाई स्कूल मितुनिया के शिक्षक सर्वेश कुमार को अंगूठा पर रबर जैसी संदिग्ध चीज लगा देखने पर जांच करने वाले कर्मी ने रोका। सर्वेश कुमार स्कूल में वर्ग 11-12 के शिक्षक के तौर पर एक सप्ताह पहले ही स्कूल में योगदान किया था। योगदान के समय स्कूल के एचएम नारायण प्रसाद सिन्हा ने अपने स्तर से प्रमाण पत्रों की जांच करके योगदान करा लिया था। योगदान के समय लिए गए प्रमाण पत्र एवं अन्य दस्तावेज कार्यालय को उपलब्ध भी करा दिया। सब कुछ नॉर्मल चल रहा था। लेकिन जैसे ही थंब जांच की बारी आई तो जांच के समय कर्मी ने सर्वेश कुमार के अंगूठा पर रबर जैसी कोई चीज लगा देखकर जांच से रोक दिया। संदिग्ध होने पर सर्वेश कुमार को बेंच पर बैठा कर एचएम एवं बीईओ से बात करने लगा। इसी बीच सर्वेश कुमार हॉल से निकलकर बाहर भाग गया। एचएम ने जानकारी नियंत्रण कोषांग के प्रभारी को दी है। कोषांग के प्रभारी ने कहा कि डीईओ को इसकी सूचना दे दी गई है। जो भी आदेश मिलेगा कार्रवाई की जाएगी।